08,Aug-2026

सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं पोस्टर मेकिंग

जी.डी. मेमोरियल ग्रुप ऑफ कॉलेज में 8 अगस्त, 2026 को विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के अकादमिक निदेशक प्रो. जे. जे. मिश्रा द्वारा मुख्य अतिथि परिवहन निरीक्षक भरत जांगिड़ को पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया। इस अवसर पर भरत जांगिड़ ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया। इसी अवसर पर “सड़क सुरक्षा जागरूकता” विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के संदेश प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में बी. सी. ए. की छात्रा कोमल वैष्णव प्रथम स्थान पर रही, जबकि एम. ए. की दिव्या सीरवी एवं बी. बी. ए. की रिद्धि कोठीवाल ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया । कार्यक्रम के अंत में डॉ. मंजू सिसोदिया द्वारा मुख्य अतिथि भरत जांगिड़ को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी सहायक आचार्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।