हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन
जी.डी. मेमोरियल कॉलेज में 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जी.डी. मेमोरियल ग्रुप ऑफ कॉलेज के अकादमिक निदेशक प्रो. जे.जे. मिश्रा एवं गोमी देवी महिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्या माधुरी गौड़ ने मांँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रो. जे.जे. मिश्रा ने हिंदी के महत्व एवं विकास पर संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, पहचान और भावनात्मक जुड़ाव की सशक्त भाषा है। वर्तमान समय में हिंदी को साहित्य एवं शिक्षा के साथ-साथ तकनीक, रोजगार, व्यवसाय और संचार के नए क्षेत्रों से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या माधुरी गौड़ ने अपने संबोधन में हिंदी को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों की संवाहक भाषा बताते हुए कहा कि हिंदी के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को युवा पीढ़ी में विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा इसे आधुनिक तकनीक एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पोस्टर, निबंध एवं वाचन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वाचन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लीला (बी.ए. बी.एड. तृतीय वर्ष) तथा द्वितीय स्थान शांभवी कुमारी (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गुड्डी बैरवा (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) तथा द्वितीय स्थान रामू चौधरी (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) ने प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नैनी एवं संध्या (बी.ए. बी.एड. द्वितीय वर्ष) ने जबकि द्वितीय स्थान मनीषा एवं दिव्या (बी.ए. बी.एड. तृतीय वर्ष) तथा हर्षिता (बी.सी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी के वर्तमान समय में बढ़ते रोजगार एवं व्यवसायिक अवसरों से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने बताया कि हिंदी कंटेंट राइटिंग, डिजिटल मार्केटिंग, पत्रकारिता, विज्ञापन, अनुवाद, सोशल मीडिया, पर्यटन एवं ई-कॉमर्स जैसे क्षेत्रों में हिंदी के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की अनेक संभावनाएं उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी सहायक आचार्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
