GD काॅलेज के भौतिक विज्ञान विभाग ने बनाया बिना वाइंडिंग का पंखा, बिजली खपत बेहद कम”
ऊर्जा दक्षता और नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए GD मेमोरियल काॅलेज, जोधपुर के भौतिक विज्ञान विभाग ने बिना वाइंडिंग (winding-less) तथा मल्टीमेग्नेट तकनीक पर आधारित पंखा बनाया है यह पंखा केवल 8 watt खपत और 4 वोल्ट पर काम करता है .. इस तकनीक से बना पंखा न केवल कम बिजली खपत करता है, बल्कि चार्जिंग बैटरी से चलने की क्षमता के कारण बिजली कटौती वाले क्षेत्रों में भी बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। GD मेमोरियल काॅलेज के भौतिक विज्ञान के सहायक आचार्य डाॅ मो. इन्साफ, जसवंत सिंह गौड़, प्रदीप तंवर एवं टेक्नीशियन धनुप्रकाश पुरोहित के अनुसार, पारंपरिक पंखों में तांबे की वाइंडिंग का उपयोग होता है, जिससे ऊर्जा का कुछ हिस्सा गर्मी के रूप में नष्ट हो जाता है। लेकिन इस नई तकनीक में वाइंडिंग की आवश्यकता नहीं होने से ऊर्जा हानि काफी कम हो जाती है, जिससे पंखा अधिक दक्षता के साथ कार्य करता है। इस पंखे की खास बात यह है कि इसमें इनबिल्ट रिचार्जेबल बैटरी दी गई है, जिसे एक बार चार्ज करने पर कई घंटों तक उपयोग किया जा सकता है। यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, जहां बिजली की उपलब्धता सीमित रहती है। GD काॅलेज के एकेडमीक डायरेक्टर जे.जे. मिश्रा ने बताया कि यह पंखा पर्यावरण के अनुकूल है और कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी मदद कर सकता है। इसके अलावा, कम मेंटेनेंस और लंबी उम्र इसे आम उपभोक्ताओं के लिए एक आकर्षक विकल्प बनाती है। इस तकनीक को बड़े पैमाने पर उत्पादन में लाने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि इसे आम लोगों तक किफायती कीमत पर पहुंचाया जा सके। साथ ही, भविष्य में इस तकनीक का उपयोग अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में भी किया जा सकता है।
