युवा उद्यमिता यात्रा
जीडी मेमोरियल कॉलेज, जोधपुर में MySBA एवं CHARGE (Choyal Hub for Agribusiness Research Growth and Entrepreneurship) के संयुक्त सहयोग से रविवार, 9 अगस्त 2026 को उद्यमिता विषय पर एक विशेष सेमिनार युवा उद्यमिता यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं नव उद्यमियों को व्यवसाय प्रारंभ करने, उद्यमिता के अवसरों को समझने तथा अपने व्यावसायिक विचारों को सफल उद्यम में परिवर्तित करने के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करना था। कार्यक्रम में जोधपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से ऐसे प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा रखते हैं तथा व्यवसाय स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं, तकनीकी सहायता, बाजार एवं अन्य व्यावसायिक पहलुओं के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों में श्री सुशील शर्मा, मारवाड़ी कैटालिस्ट्स ग्रुप, श्री एम. आर. पुरोहित, निदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, राजस्थान सरकार, श्री राधेश्याम चोयल, संयोजक, युवा उद्यमिता यात्रा, श्री एस. एन. कच्छवाहा, चेयरमैन, लकी शिक्षण संस्थान, डॉ. अर्जुन सिंह सांखला, प्राचार्य, लकी इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, तथा डॉ. जे. जे. मिश्रा, निदेशक, जीडी मेमोरियल कॉलेज, जोधपुर उपस्थित रहे। सेमिनार के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, उद्यमिता के अवसर, बिजनेस आइडिया का विकास, सरकारी सहायता एवं योजनाओं, तकनीकी सहयोग, बाजार की आवश्यकता, वित्तीय प्रबंधन तथा व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से अपने व्यावसायिक विचारों एवं संभावित समस्याओं को लेकर संवाद किया तथा अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। संपूर्ण कार्यक्रम का समन्वय डॉ. गीता सांखला द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राधिका पारीक ने किया।
